ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 की शुरुआत आज यानी सोमवार 17 जनवरी से होनी है। इस टूर्नामेंट के मौजूदा चैंपियन नोवाक जोकोविच इस बार खेल नहीं पाएंगे। वीजा कैंसिल होने के कारण उनको इस टूर्नामेंट से आखिरी समय पर हटना पड़ा है। ऐसे में स्पेन के महान टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का रास्ता साफ हो गया है। वे 21वां ग्रैंड स्लैम जीत सकते हैं सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच जैसे ही ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 से अयोग्य घोषित किए गए, वैसे ही राफेल नडाल की बड़ी बाधा दूर हो गई। राफेल नडाल और उनके 21वें ग्रैंड स्लैम में नोवाक जोकोविच कई बार आड़े आ चुके हैं। हालांकि, इस बार उनका रास्ता साफ है, 
लाल बजरी का बादशाह कहे जाने वाले राफेल नडाल इस समय संयुक्त रूप से दुनिया के सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पुरुष टेनिस खिलाड़ी हैं। राफेल नडाल के अलावा स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविच भी 20-20 ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं। हालांकि, रोजर फेडरर चोट के कारण और नोवाक जोकोविच वीजा कारणों के चलते टूर्नामेंट से बाहर हैं और 21वां ग्रैंड स्लैम जीतने का मौका सिर्फ राफेल नडाल के पास है। 

राफेल नडाल के लिए चुनौती ये है कि भले ही वे 20 ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलियन ओपन में वे एक बार ही खिताब अपने नाम कर सके हैं। साल 2009 में उन्होंने पहली और आखिरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था। वहीं, नोवाक जोकोविच को ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने का सबसे ज्यादा अनुभव है, जबकि स्पेन के दिग्गज नडाल को फ्रेंच ओपन जीतने का सबसे ज्यादा अनुभव रहा है, जहां वे 13 बार खिताब जीतने में सफल रहे हैं।