सागर ।  जिला अस्पताल की मर्चुरी में एक बार फिर एक शव की आंख गायब हो गई है। 15 दिन के भीतर यह दूसरा मामला है, जब पोस्टमार्टम के लिए लाए गए शव की आंख गायब हुई हो। इससे पहले चार जनवरी को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब शव को पीएम के लिए टेबल पर रखा गया था। बुधवार रात्रि मर्चुरी में डीप फ्रीजर के अंदर रखे शव की आंख गायब हो गई है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि चूहे ने शव की आंख निकाल ली है। जानकारी के मृताबिक सिविल थाना क्षेत्र के तहत किशोर न्यायालय के पीछे रहने वाला रमेश अहिरवार 15 जनवरी को घर से गायब हो गया था। पुलिस को 16 जनवरी को रमेश घायल अवस्‍था में मिला था। 16 को ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 17 को उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद उसका शव मर्चुरी में डीप फ्रीजर में रखा गया था। डाक्टरों के अनुसार रमेश को मिर्गी की बीमारी थी। 17 तक उनकी पहचान नहीं हुई थी। इसीलिए डीप फ्रीजर में शव को रखा गया था। 17-18 जनवरी की दरमियानी रात में फ्रीजर के अंदर रखे शव की आंख गायब हो गई। डाक्टरों के मुताबिक यह आंख चूहों ने कुतरी है। इस संबंध में जिला अस्पताल के आरएमओ डा. अभिषेक ठाकुर का कहना है कि शव को फ्रीजर के अंदर रखा था। प्रथमदृष्टया शव की आंख को चूहे ने कुतरा है। मर्चुरी में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है। उससे सही जानकारी लग सकेगी।