छत्तीसगढ़ के सुकमा में CRPF और DRG जवानों ने लूटे गए LPG सिलेंडर से भरे पिकअप को बरामद कर लिया है। इसके लिए देर रात जवानों ने ऑपरेशन चलाया। इसके बाद पिकअप कोर नक्सल क्षेत्र के जंगल से बरामद हो गई। पिकअप की क्लच प्लेट टूट गई थी। ऐसे में आशंका है कि पिकअप नहीं ले जा पाने के कारण नक्सली उसे छोड़कर चले गए। सुकमा SP सुनील शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। नक्सलियों ने LPG (घरेलू गैस) से भरे सिलेंडर सोमवार को लूट लिया था। यह सिलेंडर भेज्जी कैंप में वितरण के लिए एक पिकअप में लेकर ड्राइवर रवि और हेल्पर अजय कोंटा से निकले थे। गोरखा और कोताचेरु के पास नक्सलियों ने घेरकर पिकअप रुकवा ली। इसके बाद दोनों को नीचे उतारकर मारपीटा और मोबाइल छीन लिए। साथ ही दोबारा जवानों को सिलेंडर सप्लाई नहीं करने की धमकी देकर भगा दिया।

इसके बाद CRPF 129 बटालियन को पिकअप के जंगल में होने की सूचना मिली। इस पर DRG जवानों के साथ मिलकर कोट्टचेरु व गोरखा CRPF जवानों ने देर रात ऑपरेशन चलाया। नक्सलियों ने चिंतागुफा के आगे ग्राम नागाराम के पास जंगलो में पिकअप को छिपाया था। जवानों ने रात करीब 10 बजे पिकअप बरामद कर ली। वाहन चलाने की स्थिति में नहीं था। इसके चलते उसे ट्रेक्टर से टोचन कर इंजरम कैंप लाया गया। पिकअप में 48 भरे हुए और 12 खाली सिलेंडर थे। सभी बरामद हो गए हैं।