टेनिस, टेबल टेनिस और तैराकी में शनिवार को कुल चार स्वर्ण पदक जीतकर महाराष्ट्र यहां चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में फिर से पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। महाराष्ट्र के 37 स्वर्ण, 34 रजत और 29 कांस्य सहित कुल 100 पदक हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद हरियाणा के 36 स्वर्ण, 33 रजत और 39 कांस्य सहित कुल 108 पदक हो गए हैं। कर्नाटक 21 स्वर्ण पदक लेकर तीसरे स्थान पर है।4 जून से शुरू हुए खेलों के दौरान यह पहला अवसर है, जब हरियाणा के खिलाड़ी स्वर्ण पदक नहीं जीत सके। हालांकि हरियाणा अभी महाराष्ट्र से सिर्फ एक स्वर्ण पदक ही पीछे है। बॉक्सिंग में हरियाणा को ज्यादा से ज्यादा पदक जीतने की उम्मीद है।टेनिस बालिका वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र की आकांक्षा ने कर्नाटक की सुनीता को 6-7(4), 7-6 (4), 6-4 से हराया। बालक वर्ग के फाइनल में उत्तर प्रदेश के रुशिल खोसला गुजरात के ध्रुव विक्रम हिरपारा से 6-4, 7-5 से हार गए।