नई दिल्ली| केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए दर्दनाक हादसे पर दुख जाहिर करते हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दर्दनाक हादसे पर दुख जाहिर करते हुए ट्वीट कर कहा, उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दु:खद व हृदय को व्यथित करने वाला है। स्थानीय प्रशासन घायलों को उपचार देने में जुटा है। इस घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है उनकी इस अपूरणीय क्षति पर संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उनके परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति दें।

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना दुख जाहिर करते हुए ट्वीट कर कहा, उत्तर प्रदेश के कानपुर जि़ले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।साथ ही दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।