भोपाल ।  राहुल गांधी की इस यात्रा के पहले दिन ही मैंने यह कहा था कि यह भारत जोड़ो नहीं, बल्कि भारत तोड़ो यात्रा है। आज देखा कि इस यात्रा में अभिनेत्री स्वरा भास्कर राहुल गांधी के कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। ये वो अभिनेत्री हैं, जो हिंदुत्व को अपमानित करती हैं, देश को अपमानित करती हैं, भारत माता को अपमानित करती हैं और पाकिस्तान की समर्थक हैं। जिस तरह के लोग राहुल गांधी की इस यात्रा से जुड़ रहे हैं, उससे यह फिर साबित हो गया है कि उनकी यह यात्रा भारत तोड़ो यात्रा है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राहुल गांधी की यात्रा में अभिनेत्री स्वरा भास्कर के शामिल होने पर टिप्पणी करते हुए कही।

इस तरह कैसे देश को जोड़ेंगे राहुल गांधी?

शर्मा ने कहा कि यात्रा की शुरुआत के समय ही राहुल गांधी ने मंच से व‍िवा‍दित नारे लगाने वाली लड़की को गले लगाकर यात्रा की प्रकृति के बारे में संकेत दे दिया था। बाद में इस यात्रा के अंदर ही विवादित नारे लगते हैं। स्वयं राहुल गांधी देश की संसद द्वारा पारित किए गए एक संवैधानिक कानून को अपमानित करते हुए कहते हैं कि हमें चीन की सेना से ज्यादा खतरा जीएसटी से है। राहुल गांधी को यह भी याद नहीं है कि कानून किसी दल का नहीं होता, उसे देश की संसद ने बनाया है। ऐसे में यह यात्रा किस तरह भारत को जोड़ रही है, यह सवाल देश-प्रदेश की जनता के मन में उठ रहा है।

जनता के सामने उजागर हुआ कांग्रेस का चरित्र

शर्मा ने कहा कि इस यात्रा ने और उसमें शामिल हो रहे लोगों ने देश की जनता के सामने कांग्रेस के असली चरित्र को उजागर कर दिया है। यात्रा में स्वरा भास्कर जैसी अभिनेत्री शामिल हो रही हैं, जिन्हें अपने हिंदू होने पर शर्म आती है। इनमें भी कांग्रेस के जींस हैं और वह आज भी देश तोड़ने का काम रही है। अब यह बात खुलकर जनता के सामने आ गई है।