शेयर बाजार में आज साल के पहले कारोबारी दिन में अच्छी खासी तेजी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 570 पॉंइंट्स बढ़कर 58,824 पर पहुंच गया है। इससे पहले शुक्रवार को यानी साल के अंतिम दिन भी बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। निवेशकों की संपत्ति यानी लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज 268. 54 लाख करोड़ रुपए है। शुक्रवार को यह 266 लाख करोड़ रुपए था। यानी ढाई लाख करोड़ रुपए एक घंटे में बढ़ा है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स आज 57 पॉइंट्स ऊपर 58,310 पर खुला था। इसने दिन में 58,850 का ऊपरी और 58,306 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में 6 शेयर्स गिरावट में जबकि 24 बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। मारुति का शेयर 1.5% ऊपर है। इसके साथ ही विप्रो, लार्सन एंड टूब्रो, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा, NTPC और TCS भी बढ़त में हैं। गिरावट वाले प्रमुख शेयर्स में SBI, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, डॉ. रेड्‌डी और टाइटन हैं। इसके 504 स्टॉक अपर सर्किट और 76 लोअर सर्किट में हैं। यानी एक दिन में शेयर्स की कीमत में इससे ज्यादा बढ़त और गिरावट नहीं हो सकती है। इसका मार्केट कैप 267.36 लाख करोड़ रुपए है।

निफ्टी 158 अंक की बढ़त में- उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 158 अंकों की बढ़त के साथ 17,512 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,387 पर खुला था और दिन में 17,515 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके 50 स्टॉक में से 39 बढ़त में और 11 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी के मिडकैप, बैंकिंग और फाइनेंशियल इंडेक्स के साथ निफ्टी नेक्स्ट 50 भी तेजी में है।

निफ्टी के बढ़त वाले स्टॉक में टाटा मोटर्स, कोल इंडिया, मारुति और आयशर हैं। जबकि गिरावट में सिप्ला, इंडसइंड बैंक, हिंडालको और अन्य हैं। इससे पहले शुक्रवार को शेयर बाजार में हफ्ते, महीने और साल के आखिरी कारोबारी दिन में भारी तेजी रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 459 पॉइंट्स (0.80%) बढ़कर 58,253 पर बंद हुआ था। निवेशकों को ढाई लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ।