बढ़ती महंगाई के बीच किचन का बजट लगातार बढ़ रहा है। खाने के तेल पहले से महंगे हैं और अब मसालों के भाव तेजी से बढ़े हैं। 2022 में अब तक हल्दी, जीरा और धनिया 25% तक महंगे हुए हैं। एक साल पहले के मुकाबले इन मसालों के भाव 71% तक बढ़ गए हैं। 15 जनवरी से हल्दी की आवक शुरू हो गई है। फिर भी 2022 में अब तक इसके दाम घटने की जगह 5% बढ़े हैं। हालांकि तेजी की रफ्तार कम हुई है। जनवरी के शुरुआती हफ्तों में इसने 25% तक तेजी दिखाई थी। केडिया एडवाइजरी के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक जीरा में 25% और धनिया में 23% से ज्यादा उछाल आया है। मसाले अभी महंगे ही रहेंगे। मार्च से जीरा और धनिया की नई फसलों की आवक शुरू होने पर तेजी कुछ थम सकती है। उसके बाद उछाल आएगा। अगले छह महीनों में हल्दी 12,500 रुपए, जीरा 25,000 रुपए और धनिया 18,000 रुपए प्रति क्विंटल तक जा सकता है।