साल के पहले और दुनिया के सबसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स शो यानी कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES 2022) 5 से 7 जनवरी तक होगा। नए गैजेट्स और टेक्नोलॉजी पर बेस्ड इस इवेंट की चर्चा सालभर रहती है। इवेंट में कई कंपनियां नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करती हैं। तो कुछ टेक्नोलॉजी लोगों को हैरान कर देती है। शो का आयोजन यूएस के लास वेगास स्थित कन्वेंशन सेंटर में किया जाता है। हालांकि, इस शो का पहला आयोजन 1967 में न्यूयॉर्क सिटी में किया गया था।

पहले शो में 250 कंपनियां शामिल हुईं- पहले कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES) का आयोजन 24 से 28 जून, 1967 में हुआ था। इसमें 17,500 विजिटर्स शामिल हुए थे। पहली बार कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो में एलजी, मोटोरोला और फिलिप्स जैसे बड़ी कंपनियों के साथ कुल 250 कंपनियां शामिल हुई थीं। इवेंट का एरिया एक लाख स्क्वायर फीट था। इवेंट का मुख्य आकर्षण इंटीग्रेटेड सर्किट वाले टीवी और पॉकेट रेडिया पर था।

एक साल में दो बार होने लगा इवेंट- कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो की सफलता को देखते हुए 1978 में इसे एक साल में दो बार करने का फैसला किया गया। जनवरी में इसे लास वेगास में विंटर कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (WCES) और जून में इसे शिकागो समर कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (SCES) का नाम दिया गया। एक साल में दो आयोजन का सिलसिला 1994 तक चला। लास वेगास में होने वाला विंटर शो शिकागो के समर से ज्यादा पॉपुलर होने लगा। ऐसे में 1995 में इस शो के लिए लास वेगास में कन्वेंशन सेंटर बना दिया गया।

2019 में 1.75 लाख से ज्यादा विजिटर्स पहुंचे- साल 2006 में आयोजित कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो में 1.50 लाख विजिटर्स शामिल हुए। इस तरह ये यूनाइटेड स्टेट का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स इवेंट भी बन गया। इसके बाद से हर साल यहां एक लाख से ज्यादा विजिटर्स पहुंचते हैं। साल 2019 में यहां 1.75 लाख से ज्यादा विजिटर्स शामिल हुए थे। उस समय इवेंट का आयोजन 167,000 स्क्वायर फीट (18555 स्क्वायर यार्ड) वाले एरिया में किया गया। जो एक क्रिकेट के मैदान से ज्यादा बड़ा एरिया होता है।

2021 में पहली बार वर्चुअल इवेंट हुआ- कोविड के खतरे की वजह से कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES) 2021 का आयोजन वर्चुअल हुआ। 52 साल के इतिहास में ये पहला मौका था जब यूएस के लास वेगास स्थित कन्वेंशन सेंटर में भीड़ देखने को नहीं मिली। CES 2006 में 1.50 लाख विजिटर्स शामिल हुए थे। 2019 में यहां 1.75 लाख से ज्यादा विजिटर्स शामिल हुए थे। वहीं 2020 में भी यहां 2 लाख के करीब विजिटर्स ने हिस्सा लिया था।

अब 22 क्रिकेट मैदान के बराबर का कन्वेंशन सेंटर- लास वेगास स्थित कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो का कन्वेंशन सेंटर 32 लाख स्क्वायर फीट एरिया में फैला है। ये एरिया 22 क्रिकेट मैदान के बराबर है। जिसमें 2 लाख स्क्वायर फीट में एक्जीबिट हॉल फ्लोर और 250,000 स्क्वायर फीट में मीटिंग स्पेस दिया है। यहां 1 लाख गेस्ट रूम, 20 से 2500 लोगों की क्षमता वाले 144 मीटिंग रूम भी मौजूद है। इसे लास वेगास कन्वेंशन एंड विजिटर्स अथॉरिटी द्वारा ऑपरेट किया जाता है। ये दुनिया का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर भी है।