रायपुर जिले में सरकारी अस्पताल के एक डॉक्टर को एक नर्स से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी शहर के गोल बाजार थाने के थानेदार सुदर्शन ध्रुव ने बताया कि पीड़ित नर्स की शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर सिंह को गिरफ्तार किया है। नर्स ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर सिंह ने इस साल फरवरी माह में साक्षात्कार के दौरान उस पर (नर्स पर) अश्लील टिप्पणियां की थी और बाद में उसे परेशान किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी डॉक्टर ने काम के दौरान उसे गलत तरीके से छुआ और उसे परेशान करने के लिए उसके वेतन में कटौती की।

ध्रुव ने बताया कि नर्स की शिकायत के बाद पुलिस ने डॉक्टर सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल) और 509 (शब्द, इशारा या किसी महिला के शील का अपमान करने का इरादा) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।