*ताप्ती सरोवर में डूब रही दो महिलाओ को बचाने वाले नपा कर्मियों का  गायत्री परिवार ने किया सम्मान*

*मुलताईं।*✍️ विजय खन्ना 

ताप्ती सरोवर में सोमवार को स्नान करने के दौरान डूब रही दो महिलाओ को बचाने वाले नगरपालिका कर्मियों का गायत्री परिवार ने सम्मान किया।  गौरतलब है कि सोमवार सुबह सुभाष वार्ड बैतूल रोड निवासी महिला लता पति सुधाकर अजमिरे अपने घर मेहमान आई रिश्तेदार माधुरी पति नंदकिशोर काले के साथ ताप्ती सरोवर में स्नान करने गई थी।सरोवर के महिला घाट पर स्नान करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों का स्नानघाट की सीढ़ियों से पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में गिरकर डूबने लगी थी। महिलाओं की चीख-पुकार की आवाज सुनकर सरोवर के पास ड्यूटी पर तैनात नगरपालिका कर्मचारियों ने सजगता का परिचय देते हुए सरोवर में छलांग लगाकर दोनों महिलाओं को सरोवर के पानी से बाहर निकालकर डूबने से बचाया था। मंगलवार को गायत्री परिवार ने महिलाओं को डूबने से बचाने वाले नगरपालिका कर्मचारियो का सम्मान किया। गायत्री मंदिर परिसर में  पंडित संतोष महाराज ने गायत्री मंत्र के साथ दुप्पटा और मां ताप्ती का छायाचित्र भेंटकर नगर पालिका कर्मी निकेश कुरवाड़े, मनोहर कुरवाडे,श्याम सेवतकर,अनिल कावरे,सचिन चढोकार,नारायण कुरवाड़े, राहुल कोडापे को सम्मानित किया। साथ ही डूबने से बची  महिलाओं के परिजनो के साथ  गायत्री परिवार के परिजनों ने भी  नपाकर्मियों का सम्मान किया। इस दौरान लता अजमीरे,सुधाकर अजमीरे,प्रितेश अजमीरे आशा खाड़े, मुनेश शर्मा  के साथ गायत्री परिवार की  मीरा देशमुख,रामदास देशमुख, यादवराव निंबालकर,योगेश साहू,सहित अन्य परिजनों ने नपाकर्मियों का सम्मान कर इस सेवाकार्य के लिए धन्यवाद दिया।