इंदौर।   नगर निगम द्वारा एक बार फिर भंवरकुआं क्षेत्र में अवैध निर्माण पर करवाई की गई। निगम की रिमूवल टीम में इस क्षेत्र में बनी होटल 25 पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया। इस होटल में छेड़खानी, बलात्कार और अश्लील वीडियो बनाने के मामले पिछले दिनों उजागर हुए थे और पुलिस- प्रशासन ने कार्रवाई की थी। अभी मुख्यमंत्री के निर्देश पर जो मुहिम चल रही है, उसी के तारतम्य में इस होटल पर भी बुलडोजर चल रहा है। एक नाबालिक लड़की के साथ बलात्कार और उसकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की शिकायत भंवरकुआ थाने पर दर्ज हुई थी। पास्को एक्ट में भी पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। होटल मनदीप भाटिया की बताई जाती है। निगम के अधिकारियों के मुताबिक भंवरकुआं क्षेत्र में 11 हजार वर्ग फीट की जमीन पर बने चार मंजिला होटल अवैध थी। निगम की बिना अनुमति लिए इस होटल का निर्माण किया गया था। शुक्रवार सुबह आठ पोकलेन से होटल के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। मौके पर निगम के अपर आयुक्त संदीप सोनी, उपायुक्त लता अग्रवाल, भवन अधिकारी अनूप गोयल मौजूद था। भवन निरीक्षक दीपक गरगटे के मुताबिक 2016 में 24 होटल का अवैध रूप से निर्माण चल रहा था तब भी निगम द्वारा भवन मालिक को नोटिस दिए गए थे। पिछले दो साल से यहां पर होटल का संचालन हो रहा था और निगम द्वारा लगातार नोटिस दिए गए था। शुक्रवार को रिमूवल कारवाई के दौरान भंवरकुआ थाने का पुलिस बल भी मौजूद था। गौरतलब है कि करीब तीन साल पहले निगम ने भंवरकुआं क्षेत्र में अवैध रूप से बने होस्टल और होटलों पर कार्रवाई कर उन्हें तोड़ा था। इसके बाद भी पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध रूप से कई होटलों का निर्माण हुआ है।