आलीराजपुर ।   नगर पालिका अध्यक्ष व उपायक्ष चुनाव के लिए प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। कांग्रेस पार्षद सेना पटेल ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र लिया है। उपाध्यक्ष पद के लिए अभी एक भी नामांकन नहीं लिया गया है। निर्वाचन प्रक्रिया नगर पालिका के परिषद हाल में संपन्न की जा रही है। बता दें कि आलीराजपुर नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है। शहर के 18 वार्डों में से 10 में कांग्रेस के उम्मीदवार जीते हैं। भाजपा के प्रत्याशियों को सात वार्डों में ही जीत मिल सकी। यहां आम आदमी पार्टी के एक उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। यहां कांग्रेस की सेना पटेल का अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। पटेल पूर्व में भी दो बार अध्यक्ष रह चुकी हैं। अब सभी की निगाहें इस ओर हैं कि भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया जाता है या नहीं। उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस खेमे के तीन नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस में नवनिर्वाचित पार्षद पल्लवी चीतल पंवार, शाबिर बाबा और समरथ राठौड़ के नाम दौड़ में हैं। हालांकि यहां भाजपा के एक पार्षद भी उपाध्यक्ष पद के लिए जोड़तोड़ में लगे हैं।

जोबट और चंद्रशेखर आजादनगर में भाजपा को बहुमत

जोबट नगर परिषद पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। नगर के 15 वार्डों में से नौ में भाजपा उम्मीदवारों को जीत मिली। तीन पर कांग्रेस और तीन पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। यहां अध्यक्ष पद के लिए भाजपा पार्षद राहुल एमानुएल का नाम आगे बताया जा रहा है, हालांकि अंदरखाने में अन्य समीकरण भी सामने आ रहे हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए यहां भाजपा पार्षद अमृतलाल राठौड़ का नाम आगे है। उधर, नगर परिषद चंद्रशेखर आजादनगर के 15 वार्डों में से 10 में भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं। कांग्रेस यहां दो सीटों पर ही सिमट गई। तीन वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत मिली। पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष निर्मला डावर को भी चुनाव में विजय हासिल हुई है। उन्हें परिषद अध्यक्ष पद के लिए स्वाभाविक दावेदार माना जा रहा है।