इंदौर । खजराना थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के ठेकेदार के घर में गैस लीकेज होने से ब्लास्ट हो गया।धमाका इतने जोर से हुआ कि दीवार गिर गई। हादसे में महिला सहित तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक घटना पटेल नगर की है। हादसे में ठेकेदार उदयभानसिंह सोलंकी,बेटी शिवानी और पत्नी विरमा घायल हुई है। उदय मकान बनाने और विरमा बेबी सिटिंग का काम करती है। उसने पुलिस को बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात करीब 12 बजे खाना खाने के बाद अपने-अपने रुम में सो गए थे।

उदय और शिवानी एक रूम में थे और दूसरे में विरमा व उसका बेटा शिव सो रहा था। तड़के जैसे ही धमाके की आवाज आई सब चौक गए। विरमा उठी तो उस पर दीवार आ गिरी। शिवानी और उदय झुलस चुके थे। बाद में पता चला गैस टंकी की नली निकली हुई थी।

इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि ब्लास्ट लीकेज के कारण हुआ है पुलिस के मुताबिक उदय और शिवानी ज्यादा झुलसे है। दोनों को रहवासियों की मदद से अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह भी बताया जा रहा है कि उदय ने सुबह बीड़ी पीने के लिए तीली जलाई और ब्लास्ट हो गया। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।