भोपाल ।   भोपाल के नजदीक स्थित जनपद पंचायत फंदा की ग्राम पंचायत इस्लाम नगर का नाम अब जगदीशपुर होगा। इसकी तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं, बस घोषणा होना अभी बाकी है। गांव के नाम को लेकर लंबे समय से चर्चा चली आ रही थी। दरअसल इस्लामनगर का इतिहास काफी पुराना है। यहां पर गौंड, राजपूत और नवाब शासकों ने शासन किया था। इतिहास में गांव का पुराना नाम जगदीशपुर था, जिसे मुगल शासक सरदार दोस्त मोहम्मद खान ने बदलकर इस्लामनगर रखा था। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक नाम बदलने को लेकर केंद्र सरकार से सहमति मिल गई है, अब राज्य सरकार द्वारा इसकी घोषणा किया जाना शेष है।

मुख्य मार्गों पर लगे जेंट्री गेट

ग्राम पंचायत इस्लाम नगर के भोपाल बायपास स्थित मुख्य मार्ग पर एक भव्य जेंट्री गेट लगाया गया है। जिसे अभी ढककर रखा गया है, सरकार द्वारा घोषणा करने के बाद ही इसे हटाया जाएगा। इसी तरह ईंटखेड़ी से इस्लामनगर तरफ आने वाले मार्ग पर भी ऐसा ही गेट लगाया गया है। इस्लाम नगर की कुल जनसंख्या तीन हजार 638 है। जिसमें पुरुष एक हजार 870 और महिलाए एक हजार 768 हैं।

भोपाल विरासत में दर्ज है नाम

पुरातत्व विभाग द्वारा इस्लाम नगर के महल में लगाए गए भोपाल विरासत के पटल में बताया गया है कि भोपाल का इतिहास रियासत काल रूप में जाना जाता है। इस काल के प्रथम शासक सरदार दोस्त मोहम्मद खान ने सन 1715 ईसवीं में जगदीशपुर पर अधिकार कर लिया। उस समय जगदीशपुर के राजपूत शासक देवरा चौहान थे। जगदीशपुर का नाम बदलकर दोस्त मोहम्मद खान ने इस्लामनगर रखा और 1719 तक संपूर्ण भोपाल क्षेत्र अपने अधीन कर लिया। वहीं यहां पर स्थित चमन महल, रानी महल में लगे सूचना पटल पर भी इसका जिक्र है।

जगदीशपुर से जुड़ा है गौंड महल का इतिहास

पुरातत्व विभाग द्वारा यहां स्थित गौंड महल को भी संरक्षित किया गया है। विभाग द्वारा लगाए गए सूचना पटल में बताया गया है कि शैलीगत आधार पर इस महल का निर्माण गौंड शासकों द्वारा 17वीं शताब्दी में करवाया गया था। तब इस स्थल का नाम जगदीशपुर था। नरसिंह देवड़ा यहां का स्थानीय शासक था।

ग्राम पंचायत इस्लाम नगर का नाम जगदीशपुर किए जाने को लेकर लंबे समय से प्रक्रिया चली आ रही थी। यह अब अंतिम चरण में है, इसकी सभी तरह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रदेश सरकार द्वारा इसकी जल्द ही घोषणा की जाएगी।

- मोहन सिंह जाट, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत

इस्लाम नगर का नाम जगदीशपुर किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। सभी तरह की तैयारियां लगभग-लगभग पूरी हो चुकी हैं। इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जल्द ही घोषणा करेंगे।

- विष्णु खत्री, विधायक बैरसिया

ग्राम पंचायत इस्लाम नगर का नाम जगदीशपुर किया जाने को लेकर काफी समय से चर्चा चली आ रही है। इसको लेकर सरकार द्वारा सूचना जारी किया जाना है।

- आकाश श्रीवास्तव, एसडीएम हुजूर