चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देश भर से 8500 खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बड़ा दल भाग लेगा। खेलों का आयोजन हरियाणा की मेजबानी में 4 से 13 जून तक पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में होंगे। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंचकूला के इंद्रधनुष सभागार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के प्रतीक चिन्ह, गीत, जर्सी और शुभंकर की लांचिंग के दौरान कहा कि देश की कुल आबादी में महज दो प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ हरियाणा ने अधिकांश खेल प्रतियोगिताओं में देश को सबसे अधिक पदक दिलाए हैं।इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, खेल मंत्री संदीप सिंह भी उपस्थित थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश के लिए सिर्फ खाद्यान्नों का ही उत्पादन नहीं कर रहा, बल्कि अपने खिलाड़ियों के माध्यम से पदक भी अर्जित कर रहा है।